ब्रिटेन ने 17 जुलाई तक लॉकडाउन बढ़ाया
पांच दिन बाद ब्रिटेन को कोरोना से थोड़ी राहत मिली है। देश में 19 जनवरी से लगातार एक हजार से ज्यादा मौतें हो रही थीं। रविवार को यह संख्या 610 रही। हालांकि, नए मरीज हर दिन 30 हजार से ज्यादा मिल रहे हैं। इसे देखते हुए सरकार ने देश में लॉकडाउन को 17 जुलाई तक बढ़ा दिया है। उधर, पाकिस्तान ने रूस की स्पूतनिक V वैक्सीन को इमरजेंसी यूज के लिए मंजूरी दे दी है।
ब्रिटेन में ज्यादा खतरे वाले देशों से आने वाले यात्रियों को 10 दिनों तक क्वारैंटाइन किया जाएगा। आज इस मसले पर कैबिनेट की बैठक होगी। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने भी इसी तरह का नियम बनाया है।। नए वैरिएंट के बढ़ते खतरे के बीच यहां अब तक 36,47,463 केस मिल चुके हैं।
दुनिया में कोरोना के मरीजों की संख्या 9.99 करोड़ हो गई है। कुछ देर में ये आंकड़ा 10 करोड़ पर पहुंच सकता है। इनमें से सात करोड़ से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। एशियाई देशों में जहां, कोरोना के मामलों में कमी देखी जा रही है वहीं, यूरोप और अमेरिका को अभी राहत नहीं मिली है। दुनिया में सबसे ज्यादा डेथ रेट वाले पांच देशों में अमेरिका के अलावा चारों देश यूरोप के हैं।
जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक, महामारी शुरू होने के बाद से अब तक UK में कुल 96,166 मौतें हुई हैं। हैरानी की बात यह है कि अमेरिका और ब्रिटेन समेत ज्यादातर यूरोपीय देशों में वैक्सीनेशन की शुरुआत हो चुकी है। दुनिया में अब तक 21 लाख 30 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।
अमेरिका के वॉशिंगटन में ब्रिटेन के नए वैरिएंट के दो मरीज मिले हैं। हेल्थ डिपार्टमेंट के मुताबिक, शुक्रवार तक देश के 22 राज्यों में नए स्ट्रेन के 195 केस मिल चुके हैं। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के मुताबिक, यह वायरस अब तक 60 देशों में पहुंच चुका है।