पशुपालन, वन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, गृह और किसान कल्याण विभाग गौ-कैबिनेट में शामिल होंगे
मध्य प्रदेश में गाय की सुरक्षा और उनकी बेहतर देखरेख के लिए राज्य सरकार ने अहम फैसला लिया है। राज्य में अब गोधन संरक्षण और संवर्धन के लिए गो कैबिनेट का गठन किया जाएगा। इस कैबिनेट में 6 विभाग शामिल किए जाएंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज ट्वीट कर इस कैबिनेट के गठन की जानकारी दी है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने ट्वीट में गो कैबिनेट के गठन की बात कही है और इसके तहत पशु पालन, वन पंचायत व ग्रामीण विकास, राजस्व, गृह और किसान कल्याण विभाग को शामिल करने की बात कही है। मुख्यमंत्री चौहान द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक इस कैबिनेट की पहली बैठक 22 नवंबर को होगी। 22 नंबर को गोपाष्टमी है. गोपाष्टमी के दिन दोपहर 12 बजे आगर मालवा स्थित गो अभयारण्य में यह बैठक आयोजित की जाएगी।
कमलनाथ ने कहा, ‘सभी जानते हैं कि अपने पिछले 15 सालों और मौजूदा 8 महीने में शिवराज सरकार ने गौमाता के संरक्षण और संवर्धन के लिए कुछ भी नहीं किया। उल्टा चारे की रकम में कांग्रेस सरकार ने जो 20 रुपये प्रति गाय का प्रावधान किया था, उसे भी कम कर दिया। कांग्रेस सरकार ने अपने घोषणा पत्र में वादा किया था कि हमारी सरकार आने पर हम एक हजार गौशालाओं का निर्माण करवाएंगे।’
गौरक्षा के जरिए कांग्रेस सरकार सॉफ्ट हिंदुत्व का सहारा ले रही थी। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने गौरक्षा करने वालों के लिए ऑनलाइन डोनेशन पोर्टल शुरू किया था, जिसमें दान देने वालों को आयकर में छूट देने की बात कही थी। गायों के लिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान को मुख्यमंत्री गौ सेवा योजना नाम दिया गया था। कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में 3 हजार गौ शालाएं बनाने का वादा किया था।