एक हीरा 7.94 और दूसरा 1.93 कैरेट का
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में पग-पग पर हीरे पाए जाते हैं। ये हीरे जिनके हाथ लग जाते हैं, उनकी किस्मत बदल जाती है। खाकपति से हर साल दर्जनों लोग लाखपति बनते हैं। एक बार फिर से ऐसा ही हुआ है। लॉकडाउन में घर लौटे मजदूर भगवान दास को खनन के दौरान 2 हीरे मिले है। उसके बाद भगवान और उसके साथियों की खुशी का ठिकाना नहीं है।
यह खबर भी देखे…चमोली में लापता हुए लोगों को मृत घोषित करेगी सरकार, शुरू हुई प्रक्रिया
पन्ना जिले के किटहा स्थित उथली हीरा खदान में भगवान दास ने अपने साथियों के साथ खनन शुरू किया था। खनन संपन्न होने के बाद बीते कुछ दिनों से वह छनाई कर रहा था। छनाई के दौरान भगवान दास को 2 हीरे मिले हैं। हीरे को देख वह खुशी से खदान में ही उछल पड़ा। उसके बाद हीरे को लेकर पन्ना जिला मुख्यालय स्थित हीरा कार्यालय में पहुंचा।
भगवान दास को जो हीरे मिले हैं, वो 7.94 और 1.93 कैरेट का है। बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है। भगवान ने हीरा को खनिज कार्यालय में जमा कर दिया है। नीलामी के बाद जो राशि आएगी, उस पर टैक्स काट कर भगवान को भुगतान कर दिया जाएगा। भगवान अपने परिवार और साथियों के साथ हीरा जमा करने के लिए यहां पहुंचा था। पिछले साल यानि 2020 में करीब 12 मजदूरों को खदान में हीरे मिले थे।
अधिकारियों के अनुसार 2021 में हीरा कार्यालय में यह पहला हीरा जमा हुआ है। मजदूर भगवान दास ने बताया कि मैं पहले बाहर काम करता था, लॉकडाउन में घर आ गया। घर में कुछ काम नहीं होने की वजह से बैठा हुआ था। फिर 5 लोगों के साथ मिलकर खदान लिया और खनन शुरू कर दिया। छनाई के दौरान हम लोगों को 2 हीरे मिले हैं। मजदूर ने कहा कि अब इन पैसों से घर की जरूरतें पूरी होंगी और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई अच्छे से हो जाएगी। हीरे मिलने के बाद मुझे बहुत खुशी है। अभी और मेहनत करेंगे।