बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बने जगत प्रकाश नड्डा, निर्विरोध हुआ चुनाव।
जगत प्रकाश नड्डा आम सहमति से भाजपा के 11वें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया के तहत सोमवार को पार्टी मुख्यालय में इस पद के लिए नामांकन दाखिल किया। कोई उम्मीदवार नहीं आने पर उन्हें अध्यक्ष बनाया गया। वे अमित शाह के बाद दूसरे ऐसे नेता हैं, जिन्हें उत्तर प्रदेश में सफलता के बाद पार्टी की कमान सौंपी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी मुख्यालय में उनका स्वागत करेंगे, वे यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी समेत समस्त भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री, राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष जेपी नड्डा के नाम का प्रस्ताव रखा। उन्हें मोदी और अमित शाह के अलावा संघ का करीबी माना जाता है। शाह के केंद्रीय मंत्री बनने के बाद नड्डा को 19 जून 2019 काे कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
भाजपा ने सभी प्रदेश अध्यक्षों, संगठन महामंत्रियों और राज्यों में कोर ग्रुप सदस्यों को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय बुलाया है। वहीं, पिछले कुछ दिनों में भाजपा के संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रियाओं से जुड़े कार्यों में तेजी आई। चुनाव प्रभारी राधामोहन सिंह की टीम ने मतदाता सूची तैयार की। नड्डा के अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी में सचिव और उपाध्यक्ष के पदों पर भी बदलाव होगा। हालांकि, महासचिव स्तर पर बदलाव की संभावना कम है।
#WATCH Jagat Prakash Nadda takes over as National President of Bharatiya Janata Party (BJP) after being elected unopposed. pic.twitter.com/ZzADQd3WOX
— ANI (@ANI) January 20, 2020