झारखंड की जनता ने राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद कर दिया है। अब निगाहें 23 दिसंबर को आने वाले चुनावी नतीजों पर टिकी हैं।
झारखंड विधानसभा चुनाव का समर समाप्त हो गया है। अब उम्मीदवारों को रिजल्ट का इंतजार है। हालांकि रिजल्ट से पहले आने वाले एग्जिट पोल के मुताबिक, झारखंड विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है, जबकि कांग्रेस गठबंधन को बड़ा फायदा होता नज़र आ रहा है। इस बार झारखंड में विधानसभा चुनाव कुल 5 चरणों में संपन्न हुआ। पहले चरण का मतदान 30 नवंबर, दूसरे चरण का मतदान 7 दिसंबर, तीसरे चरण का मतदान 12 दिसंबर, चौथे चरण का मतदान 16 दिसंबर और पांचवें चरण का मतदान 20 दिसंबर को हुआ। इसके नतीजे 23 दिसंबर को आएंगे।
गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2020 को पूरा हो रहा है, उससे पहले नई सरकार का गठन किया जाना है। पिछली बार झारखंड में पांच चरणों में चुनाव हुए थे। 81 सदस्यों की विधानसभा में बीजेपी-आजसू गठबंधन ने 42 सीटें जीती थीं। बीजेपी ने 72 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 37 सीटें जीती थीं। जबकि उसके सहयोगी आजसू ने 8 सीटों पर चुनाव लड़ा था और पांच सीटें जीती थीं।