राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी भीषण ठंड का दौर जारी है। सुबह का तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।
दिल्ली समेत उत्तर भारत में भीषण ठंड का दौर जारी है। सुबह का तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर में 1997 के बाद से अब तक दिसंबर महीने में सबसे लंबी अवधि वाले और बेहद ठंडे दिन रिकॉर्ड किए गए हैं। वहीं, बिजनौर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, शामली में भी दिनभर सूरज नहीं निकला। सहारनपुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री पहुंच गया है। दूसरी ओर यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार की देर रात घने कोहरे में छह वाहन एक-दूसरे से टकरा गए।
सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि पड़ोसी नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम भी कड़ाके की शीतलहर की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अनुसार 28 दिसंबर तक शीत लहर जारी रहेगी। साथ ही रात और सुबह के समय घना कोहरा रहेगा। राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी के तहत दर्ज की गई। केंद्र द्वारा संचालित वायु गुणवत्ता एवं मौसम अनुमान प्रणाली (सफर) के अनुसार, आज सुबह दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 369 पर दर्ज किया गया है।