5 राज्यों में शीतलहर की संभावना
मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। इससे पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सों, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में शीतलहर ठंड बढ़ा सकती है।
माउंट आबू समेत राजस्थान के कई जिलों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। माउंट आबू में एक ही दिन में न्यूनतम तापमान ढाई डिग्री तक लुढ़ककर माइनस 2 डिग्री पहुंच गया है। यहां का अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को सिरोही का न्यूनतम तापमान दो डिग्री लुढ़ककर 7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.1° सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ठंडी हवाओं ने लोगों को परेशान किया। वहीं 15-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण एयर क्वालिटी में सुधार देखने को मिला। बीते कई दिनों से दिल्ली में न्यूनतम तापमान का पारा तेजी से गिरने के कारण ठंड बढ़ती जा रही है।
पंजाब में इस बार शीतलहर 30 जनवरी तक चुनौती देगी। 1998 के बाद यह पहला मौका है, जब शीतलहर का समय बढ़ा है। नवंबर-दिसंबर में वेस्टर्न डिस्टरबेंस और 2016 के बाद सर्दी की 10% ज्यादा बारिश का ठंड पर असर ज्यादा है। अगले 5 दिन शीतलहर के साथ कोहरा पड़ने की संभावना है। रात का पारा और गिरेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, 1901 से अभी तक लोहड़ी के बाद सर्दी कम हो जाती है लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा।