सौरव गांगुली की आर्टरी में दो और ब्लॉकेज
बीबीसीआई के अध्यक्ष और पूर्व क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली की तबीयत फिर से खराब हुई है। उन्हें कोलकाता के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक, गांगुली ने फिर से सीने में दर्द की शिकायत की। उनकी आर्टरी में दो और ब्लॉकेज हैं। इस महीने में गांगुली को दूसरी बार अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इससे पहले सौरव गांगुली को 2 जनवरी को कार्डिएक अरेस्ट के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब उनके एक आर्टरी में ब्लॉकेज का इलाज किया गया था। इसके बाद उन्हें 7 जनवरी को अस्पताल से छुट्टी मिली थी। पिछली बार तबीयत खराब होने के बाद गांगुली की एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी की गई थी। 5 जनवरी को सीनियर कार्डिएक सर्जन डॉक्टर देवी शेट्टी ने कहा था, ‘‘गांगुली को कोई बड़ी समस्या नहीं है। कोरोनरी आर्टरी में ब्लॉकेज की दिक्कत सभी भारतीय को आती है। उनके दिल में कोई प्रॉब्लम नहीं है। 48 साल के गांगुली का दिल 28 साल पहले जैसा था, आज भी वैसा ही है।’’
पिछली बार तबीयत खराब होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांगुली की पत्नी डोना से बात की थी और गांगुली के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। इससे पहले होम मिनिस्टर अमित शाह ने फोन कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। जबकि पश्चिम बंगाल की मुख्य मंत्री ममता बनर्जी उनको देखने के लिए हॉस्पिटल गई थी।
वुडलैंड्स अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद सौरव गांगुली ने अस्पताल के स्टाफ और डॉक्टरों को धन्यवाद दिया था। उन्होंने कहा था, ”अब मैं पूरी तरह से स्वस्थ महसूस कर रहा हूं। मैं इलाज के लिए अस्पताल में डॉक्टरों का शुक्रिया अदा करता हूं। अब मैं बिल्कुल ठीक हूं।”