आज देशभर में विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। इस बीच सरकार ने एक बार फिर भरोसा दिया है कि इस कानून से भारत में किसी की नागरिकता को कई खतरा नहीं है।
नागरिक संसोधन कानून के खिलाफ दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इस सबके बीच दिल्ली के राजघाट पर पाकिस्तान से आए वहां के अल्पसंख्य समुदाय के लोगों ने कानून के समर्थन में प्रदर्शन किया। जिसमें कई हिंदू और बाकी समुदाय से आए लोग शामिल हुए। ये प्रदर्शन हिंदू शरणार्थी अधिकार मंच की तरफ किया गया है।
प्रदर्शनकारी हाथ में तिरंगा लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। लाल किले की ओर जाने वाले वाहनों को रोक दिया गया है। लेकिन पुलिस ने पैदल यात्रियों को जाने की इजाजत दे दी है। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव, सीताराम येचुरी, संदीप दीक्षित और उमर खालिद को लाल किले पर विरोध प्रदर्शन करने के चलते हिरासत में ले लिया गया है।
मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में आज चार बजे से प्रदर्शन होगा। इसमें अभिनेत्री स्वरा भास्कर, अभिनेता फरहान अख्तर के शामिल होने की चर्चा है। इसके अलावा मालेगांव, नासिक, जलगांव और मनमांड और अमरावती में भी बंद बुलाया गया है। इससे पहले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने नागरिकता कानून और एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।