अमेरिका में संक्रमितों का आंकड़ा 1.42 करोड़ से ज्यादा, अब तक 2.44 लाख लोगों ने गंवाई जान
दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा रविवार को 5 करोड़ के पार हो गया। अब तक 5 करोड़ 12 लाख 32 हजार 905 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें 3 करोड़ 60 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 12 लाख 68 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं। यूक्रेन में राष्ट्रपति के बाद अब फाइनेंस और डिफेंस मिनिस्टर भी पॉजिटिव हो गए हैं। दूसरी तरफ, फ्रांस में नाटकीय तरीके से मामले कम हुए हैं।
यूक्रेन में राष्ट्रपति के बाद अब फाइनेंस और डिफेंस मिनिस्टर भी पॉजिटिव पाए गए हैं। राष्ट्रपति व्लादिमिर जेलेन्स्की के ऑफिस से जारी बयान में यह जानकारी दी गई है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति के कुछ एडवाइजर्स भी संक्रमित हैं, लेकिन इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। इतने बड़े पैमाने पर संक्रमण के बाद सरकार में हड़कम्प है। हालांकि, सरकार ने लोगों से कहा है कि राष्ट्रपति और बाकी मंत्री घर से काम करते रहेंगे क्योंकि सभी की हालत ठीक है। इस बीच सरकार ने देश में लॉकडाउन न हटाने की बात भी कही है।
ब्रिटेन के कुछ हिस्सों में लॉकडाउन जारी है। लेकिन, इसका फायदा होता नजर नहीं आता। यहां सोमवार को 21 हजार मामले सामने आए। यह हाल के दिनों में सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसके साथ ही ही 194 लोगों की मौत भी हुई। हेल्थ मिनिस्ट्री का कहना है कि मौतों का बढ़ता आंकड़ा सबसे बड़ी चिंता का विषय है। देश में सात दिन में एक लाख 60 हजार मामले सामने आए। इसी दौरान दो हजार 385 लोगों की मौत हो गई।