अमेरिका में संक्रमितों का आंकड़ा 1 करोड़ से ज्यादा
दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा रविवार को 5 करोड़ के पार हो गया। अब तक 5 करोड़ 3 लाख 69 हजार 940 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें 3 करोड़ 56 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अभी 1.34 करोड़ यानी 26.79% मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते पूरी दुनिया में अब तक 12 लाख 57 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।
दुनिया में कोरोना को आए हुए 1 साल होने वाला है। पिछले साल इसी महीने की 17 तारीख को चीन के वुहान में आधिकारिक तौर पर 55 साल की महिला को कोरोना संक्रमित बताया गया था। इसके बाद कोरोना पूरी दुनिया पर कहर बनकर टूटा। इस एक साल में पूरी दुनिया बदल गई।
सबसे ज्यादा असर अमेरिका और भारत पर देखने को मिला। अमेरिका में अब तक 1.18 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। यानी पूरी दुनिया के कुल संक्रमितों की संख्या में 20.22% अमेरिका और 16.89% मरीज भारत में हैं। अमेरिका में अब तक 2.43 लाख से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। भारत में मरने वालों का आंकड़ा 1.26 लाख हो चुका है।
अमेरिका और यूरोप में संक्रमण खतरनाक स्तर पर पहुंचता जा रहा है। ब्रिटेन में शनिवार को 413 संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो गई। अमेरिका में लगातार आठवें दिन एक लाख से ज्यादा मामले मिले। ब्रिटेन में दूसरे यूरोपीय देशों की तरह संक्रमण तेजी से फैल रहा है। सरकार ने देश के कुछ हिस्सों में कर्फ्यू लगाया, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हो रहा। शनिवार को यहां 25 हजार से ज्यादा मामले सामने आए। इसी दौरान 413 संक्रमितों की मौत हो गई। सरकार ने साफ कर दिया है कि तमाम विरोध के बावजूद लॉकडाउन खत्म किए जाने का कोई प्लान नहीं है।