अमेरिका में 99.17 लाख से ज्यादा संक्रमित, 2.40 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हुई
दुनिया में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 4.90 करोड़ से ज्यादा हो गया है। 3 करोड़ 49 लाख 74 हजार 120 मरीज रिकवर हो चुके हैं। अब तक 12.38 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं। अमेरिका में कोरोनावायरस का कहर बहुत तेजी से बढ़ रहा है। यहां 24 घंटे में एक लाख से ज्यादा केस सामने आए। यूरोप में तो हालात और खराब होते जा रहे हैं। इसको लेकर डब्ल्यूएचओ ने वॉर्निंग भी दी है।
अमेरिका में संक्रमण की रफ्तार बहुत तेजी से बढ़ रही है। चुनावी गहमागहमी के बीच संक्रमण के बढ़ते मामलों पर बहुत ज्यादा तवज्जो नहीं दी जा रही। ‘द गार्जियन’ के मुताबिक, 8 दिन में तीसरी बार आंकड़ा एक लाख से ज्यादा हुआ। बुधवार को यहां 1 लाख 16 मामले सामने आए। इसके एक दिन पहले यानी मंगलवार को एक लाख 14 हजार मामले सामने आए थे। चुनावी रैलियों का दौर थम चुका है, लेकिन अब भी सियासी जोर आजमाइश जारी है। भीड़ तो है ही, लोग मास्क लगाने से भी परहेज कर रहे हैं।
फ्रांस में लॉकडाउन का असर नहीं हो रहा है। दूसरा लॉकडाउन लगाए करीब एक हफ्ता गुजर चुका है, लेकिन अब तक संक्रमण की दर में कोई कमी नहीं आई। बुधवार को भी यहां 50 हजार से ज्यादा मामले सामने आए। इसी दौरान एक हजार लोगों को गंभीर स्थिति में हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। दूसरी तरफ, लॉकडाउन के बावजूद मामले बढ़ने के बाद एमैनुएल मैक्रों सरकार दबाव में है। लोगों का कहना है कि लॉकडाउन हटा लेना चाहिए क्योंकि यह बेअसर साबित हो रहा है। हर दिन मामले बढ़ते जा रहे हैं। देश में अब कुल मामले करीब 15 लाख हो चुके हैं।