नवंबर में एक्टिव केस में 1.35 लाख की गिरावट आई
देश में सोमवार को कोरोना के 31 हजार 179 केस आए, 42 हजार 282 मरीज ठीक हो गए और 482 की मौत हो गई। नवंबर में कुल 12.79 लाख केस आए। इनमें से 13.99 लाख मरीज ठीक हो गए, जबकि 15 हजार 508 मरीजों की मौत हो गई। इससे एक्टिव केस में 1.35 लाख की गिरावट दर्ज की गई। यह अक्टूबर से 2.35 लाख कम है। तब 3.70 लाख केस कम हुए थे।
देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 94.63 लाख हो गया है। इसमें 88.73 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.37 लाख मरीजों की मौत हो गई। अभी 4 लाख 40 हजार मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने सोमवार को कहा कि अगले साल जुलाई-अगस्त तक देश के 25 से 30 करोड़ लोगों तक वैक्सीन पहुंच जाएगी। इसी के अनुसार सरकार तैयारी कर रही है। डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि सरकार जल्द से जल्द वैक्सीन हर एक व्यक्ति तक पहुंचाने की कोशिश करेगी।
दिल्ली में टेस्टिंग बढ़ाने के मकसद से राज्य सरकार ने लोगों को बड़ी राहत दी है। अब राजधानी के प्राइवेट लैब में 800 रुपए में ही कोरोना टेस्ट होंगे। अब तक इसके लिए 2400 रुपए देना पड़ता था। सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसका ऐलान किया। कहा कि इससे राज्य में ज्यादा से ज्यादा लोग टेस्ट करा पाएंगे। राज्य सरकार की ओर से तैयार लैब्स में पहले की तरह फ्री में ही टेस्ट होंगे।
सोमवार को गुजरात राज्य में 1502 नए मरीज मिले। 1401 लोग ठीक हुए और 20 की जान चली गई। अब तक 2 लाख 9 हजार 780 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 लाख 90 हजार 921 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 14 हजार 870 मरीजों का इलाज चल रहा है। संक्रमण से मरने वालों की संख्या अब 3989 हो गई है।