बलूचिस्तान के क्वेटा की मस्जिद में हुआ धमाका, हादसे में 15 लोगों की जान गई।
पाकिस्तान के दक्षिणी-पश्चिमी शहर क्वेटा के घौसाबाद इलाके में शुक्रवार को हुए बम धमाके में पुलिस अधिकारी समेत 15 लोगों की मौत हो गई जबकि कई घायल हो गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, धमाका शाम की नमाज के वक्त हुआ। मृतकों में क्वेटा के डीएसपी अमानुल्ला भी शामिल हैं। यह धमाका डीएसपी को निशाना बनाने के लिए ही किया गया। पिछले महीने क्वेटा में ही डीएसपी के बेटे की गोली मार कर हत्या कर दी गई है। हालांकि, अभी दोनों मामलों को सबूतों के आधार पर नहीं जोड़ा गया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान और बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री जे. कमाल खान ने घटना की निंदा की। उन्होंने अफसरों को जल्द जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। क्वेटा में सभी अस्पतालों में इमरजेंसी का ऐलान कर दिया गया है।
बलूचिस्तान के गृह मंत्री जिया लंगोवे ने इस घटना पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा- मृतकों की संख्या अभी बढ़ सकती है, क्योंकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हालांकि, घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। गृह मंत्री ने कहा, आतंकी पाकिस्तान के विकास से डर गए हैं। अंदर और बाहर के दुश्मन देश में भय और अशांति का माहौल बनाने की विफल कोशिश कर रहे हैं। हारे हुए आतंकियों को कभी सफल नहीं होने दिया जाएगा।
#UPDATE Balochistan: 15 persons, including a police officer, killed in a blast inside a mosque in Quetta today. #Pakistan
— ANI (@ANI) January 10, 2020