भारत दुनिया के उन टॉप-15 देशों की सूची से बाहर हुआ जहां हर दिन संक्रमण से सबसे ज्यादा मौतें हो रहीं
हम सभी के लिए अच्छी खबर है। भारत अब दुनिया के उन टॉप-15 संक्रमित देशों की सूची से बाहर हो गया है जहां कोरोना के चलते हर दिन सबसे ज्यादा मौतें हो रहीं हैं। मतलब पिछले 24 दिनों में देश में कोरोना से होने वाली मौतों में काफी गिरावट हुई है। आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 11 दिनों से देश में 200 से कम मौतें हो रहीं हैं। अब इस मामले में भारत का स्थान दुनिया में 16 से 20 नंबर के बीच में रहता है।
भारत में 19 करोड़ से ज्यादा लोगों का टेस्ट हो चुका है और पॉजिटिविटी रेट 5.6% पर बरकरार है। यानी 100 लोगों में 5 या 6 लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। देश में रविवार को 13,203 नए मरीज मिले। 12 हजार 518 लोग रिकवर हुए और 125 की मौत हो गई। अब तक यहां 1 करोड़ 6 लाख 68 हजार 332 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 3 लाख 28 हजार 614 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 53 हजार 502 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1 लाख 81 हजार 774 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
दिल्ली में रविवार को 185 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 315 लोग रिकवर हुए और 9 की मौत हो गई। अब तक 6 लाख 33 हजार 924 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6 लाख 21 हजार 375 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 हजार 808 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1741 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
गुजरात राज्य में भी रविवार को 410 नए मरीज मिले। 704 लोग रिकवर हुए और 1 की जान चली गई। अब तक यहां 2 लाख 59 हजार 97 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 50 हजार 156 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4376 मरीजों की मौत हो चुकी है। 4565 मरीज ऐसे हैं जिनका अभी इलाज चल रहा है।