चीन सरकार ने 13 शहरों को लॉकडाउन किया, कनाडा के बराबर आबादी (3.5 करोड़) की आवाजाही पर रोक।
कोरोना वायरस से भारत में भी खतरे की आशंका है। 11 लोगों को निगरानी में रखा गया है, जिसमें 7 केरल के हैं। उधर, चीन के वुहान में शुक्रवार को 15 लोगों की मौत हो गई, इसके चलते मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 41 तक पहुंच गया है। कोरोनावायरस का पहला मामला वुहान से ही सामने आया था। अकेले इस शहर में अब तक 38 लोगों की मौत हुई है। चीन सरकार ने हालात की गंभीरता को देखते हुए 13 शहरों को लॉकडाउन कर दिया, जिससे 3.5 करोड़ लोगों का संपर्क बाहरी दुनिया से कट गया। इसका असर यह हुआ है कि चीन के दूसरे प्रांतों में अब तक सिर्फ 3 लोगों की ही इस वायरस से जान गई।
कोरोनावायरस के संक्रमण के मामले अब यूरोप के साथ ऑस्ट्रेलिया तक पहुंच गए हैं। फ्रांस में तीन लोगों में संक्रमण का पता लगाया गया है। ऑस्ट्रेलिया में भी कोरोनावायरस का एक केस सामने आया है। चीन में जिन 15 लोगों की मौत हुई, उनकी उम्र 15 से 87 साल के बीच बताई गई है। इनमें 11 पुरुष और 4 महिलाएं हैं। इसके अलावा एक दिन में कोरोनावायरस के 400 नए मामले में भी सामने आए। इससे कुल पीड़ितों की संख्या 1300 तक पहुंच गई है।
शुक्रवार तक 20 हजार यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। अधिकारियों के मुताबिक, मुंबई के छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 5 दिन के भीतर 1789 यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई है। इनमें से दो के संक्रमित होने की आशंका है, जिन्हें मुंबई कस्तूरबा गांधी अस्पताल के स्पेशल वार्ड में निगरानी में रखा गया है। इसके अलावा केरल में 80 लोगों को उनके घरों में चिकित्सीय निगरानी में रखा गया है। ऐहतियात के तौर पर दिल्ली एम्स में एक आइसोलेशन वार्ड भी बनाया गया है।
11 including 7 from Kerala under watch in India over coronavirus fears
Read more here: https://t.co/b4scA45NQM pic.twitter.com/HwPHUXCjjo
— NDTV Videos (@ndtvvideos) January 25, 2020